बीकानेर में यातायात सुधार के लिए शुरू किया गया लालगढ़ रेलवे क्रॉसिंग प्रोजेक्ट अब अपने अंतिम चरण में पहुंचकर फाइलों में उलझ गया है। यह शहर का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है, जहां एक ही स्थान पर ओवरब्रिज (ROB) और अंडरपास (RUB) दोनों सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
ओवरब्रिज का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन अंडरपास के काम के लिए रेलवे से जरूरी अनुमति नहीं मिलने के कारण प्रोजेक्ट की गति थम गई है। पिछले एक महीने से रेलवे की स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है।
अंडरपास के लिए रेलवे ट्रैक के नीचे खुदाई और स्ट्रक्चर लगाने का काम होना बाकी है, जिसके लिए करीब 10 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक आवश्यक है। निर्माण एजेंसी ने एक महीने पहले ही अनुमति के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक हरी झंडी नहीं मिली है।
करीब 26 आरयूबी बॉक्स तैयार हैं, लेकिन ट्रैक के नीचे का काम पूरा हुए बिना प्रोजेक्ट को आम जनता के लिए शुरू करना संभव नहीं है। इसके अलावा पेंटिंग, साइन बोर्ड, स्ट्रीट लाइटिंग और सड़क पर डामरीकरण जैसे कई कार्य भी शेष हैं।
- Advertisement -
वित्तीय अड़चनें भी सामने हैं, क्योंकि रुडसिको से लगभग 16.41 करोड़ रुपये की राशि अभी मिलनी बाकी है। तकनीकी स्वीकृतियों और फंड की कमी के कारण 2017 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट पिछले 9 वर्षों से धीमी गति से आगे बढ़ रहा है।
