बीकानेर ने आज अपना 539वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और पारंपरिक रंगत के साथ मनाया। पिछले एक सप्ताह से चल रहे विभिन्न आयोजनों के बीच रविवार को शहर पूरी तरह पतंगबाजी के रंग में रंगा नजर आया।
सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर की छतों पर लोगों की हलचल शुरू हो गई। दिन चढ़ने के साथ पतंगबाजी अपने चरम पर पहुंच गई। हालात ऐसे रहे कि शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि घरों की छतें लोगों से गुलजार दिखीं।
हर ओर आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से भर गया और “वो काटा” की आवाजें लगातार गूंजती रहीं। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आए। छतों पर ही लोगों ने दिनभर नाश्ता, चाय और भोजन का आनंद लिया, जिससे त्योहार का माहौल और भी जीवंत हो गया।
स्थापना दिवस के इस खास मौके पर पतंगबाजी ने शहर की परंपरा और उत्सवधर्मिता को फिर से जीवंत कर दिया। बीकानेर की यह अनूठी परंपरा हर साल लोगों को एक साथ जोड़ने का काम करती है।
- Advertisement -
