बीकानेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने आरएएस भर्ती परीक्षा 2024 का परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने टॉप कर पहला स्थान हासिल किया है। फिलहाल वे प्रशिक्षण में हैं। आयोग ने शनिवार सुबह कुल 2391 अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी की।
इस परीक्षा के इंटरव्यू 17 अप्रैल को पूरे किए गए थे। परिणाम में इस बार सीमावर्ती जिलों के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन खासा बेहतर रहा है। सूची में बाड़मेर, बालोतरा और बीकानेर से दो-दो उम्मीदवारों का चयन हुआ है, जबकि जैसलमेर और अनूपगढ़ से एक-एक अभ्यर्थी सफल रहे हैं। जयपुर और जोधपुर से तीन-तीन उम्मीदवारों का चयन हुआ है। वहीं डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जैसे आदिवासी बहुल जिलों से भी एक-एक अभ्यर्थी ने सफलता हासिल की है।
पूरी चयन प्रक्रिया, विज्ञापन जारी होने से लेकर अंतिम परिणाम तक, मात्र 1 वर्ष 7 महीने और 17 दिनों में पूरी हुई है। जल्द ही राज्य को 1096 नए प्रशासनिक अधिकारी मिलेंगे, जिनमें 428 राज्य सेवा और 668 अधीनस्थ सेवा के अधिकारी शामिल होंगे।
इस सूची में बीकानेर के रणजीतपुरा निवासी विकास सिहाग ने पांचवीं रैंक हासिल की है, जबकि बीकानेर की ऐश्वर्या कंवर छठे स्थान पर रहीं।
