बीकानेर नगर स्थापना दिवस पर जहां शहर में चारों ओर पतंगबाजी का उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं चाइनीज मांझा इस खुशी के माहौल पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। प्रतिबंध के बावजूद भी शहर में चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री जारी है, जो आमजन की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है।
शुक्रवार को इस घातक मांझे ने दो अलग-अलग घटनाओं में लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। देशनोक में एक मासूम बच्चा अपने माता-पिता के साथ पुलिया से गुजर रहा था, तभी अचानक चाइनीज मांझे की डोर उसकी गर्दन में फंस गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
वहीं बीकानेर शहर में एक युवक बाइक से जा रहा था, तभी अचानक मांझे की डोर उसकी गर्दन से टकराई और उसे गंभीर चोटें आईं। वह सड़क पर गिर पड़ा, बाद में उसे अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया।
एक ही दिन में हुई इन घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि चाइनीज मांझा कितना खतरनाक साबित हो रहा है। बावजूद इसके, लोग थोड़े से लाभ के लिए इसकी खरीद-फरोख्त जारी रखे हुए हैं।
- Advertisement -
ऐसे में जरूरत है कि इस घातक मांझे का पूरी तरह बहिष्कार किया जाए, ताकि त्योहार की खुशियां सुरक्षित तरीके से मनाई जा सकें और किसी की जान जोखिम में न पड़े।
