बीकानेर। शुक्रवार रात मोमासर गांव में एक मामले की जांच के लिए जा रही पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। इस घटना की सूचना श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने मौके पर ही दे दी थी। अब इस मामले में घायल एएसआई रामस्वरूप की रिपोर्ट के आधार पर चार नामजद और चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा, मारपीट और अपशब्दों के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि एएसआई रामस्वरूप एक मामले की जांच के लिए निजी वाहन से मोमासर जा रहे थे। इस दौरान सत्तासर से मोमासर मार्ग पर एक व्यक्ति ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा कर मोबाइल पर बात कर रहा था, जिससे रास्ता बाधित हो गया और कई वाहन कतार में रुक गए। समझाइश के बावजूद ट्रैक्टर नहीं हटाने पर एएसआई ने स्वयं उसे साइड में करने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी आक्रोशित हो गया और धक्का-मुक्की करने लगा।
इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों को बुला लिया। हालांकि एएसआई वहां से मोमासर चौकी की ओर रवाना हो गए, लेकिन कुछ ही देर में तीन-चार युवक पिकअप में सवार होकर उनका पीछा करने लगे और गाड़ी को टक्कर मारने का प्रयास किया।
मोमासर मुख्य बाजार में पहुंचने पर आरोपियों ने मोटरसाइकिल लगाकर पुलिस वाहन को रोक लिया और एएसआई से मारपीट की। इस दौरान उनकी नेम-प्लेट तोड़ दी गई और उन्हें कान में चोटें आईं। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
- Advertisement -
पुलिस ने सत्तासर निवासी सुभाष, दिनेश, शिवप्रकाश, श्यामसुंदर सहित अन्य युवकों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन आरोपी फिलहाल फरार हैं।
