जिले के प्रत्येक पुलिस थाने में अब ‘यूथ विंग’ का गठन किया जाएगा, जो कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करेगी। इस पहल के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के कुल 32 थानों में कम्युनिटी लाइजनिंग ग्रुप की तरह यह नई व्यवस्था लागू की जाएगी।
इस विंग में 18 से 30 वर्ष की आयु के पढ़े-लिखे, जागरूक और सक्रिय युवाओं को शामिल किया जाएगा, जिनका कोई राजनीतिक जुड़ाव या आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होगा।
‘यूथ विंग’ का मुख्य उद्देश्य न केवल पुलिस को कानून-व्यवस्था में सहयोग देना है, बल्कि नशे के खिलाफ अभियान में भागीदारी और समाज में जागरूकता फैलाना भी रहेगा।
सभी थाना प्रभारियों को 30 दिनों के भीतर योग्य युवाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस सूची की निगरानी सीओ स्तर पर होगी, जबकि अंतिम अनुमोदन पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा।
