शहर में जमीन से जुड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें एक ही जमीन को दो बार बेचने का आरोप लगाया गया है। कोर्ट के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवादी सूरज रतन पुत्र पूनमचंद माली, निवासी हम्मालों की बारी, ने आरोप लगाया कि वर्ष 2012 में उसने बजरंग लाल आचार्य से ग्राम भानीपुरा (तहसील पूगल) में करीब 31 बीघा 12 बिस्वा जमीन चार लाख रुपए में खरीदी थी। उस समय इकरारनामे के जरिए सौदा हुआ और पूरी रकम लेने के बाद उसे जमीन का कब्जा भी दे दिया गया, लेकिन जमीन गैर खातेदारी होने के कारण रजिस्ट्री नहीं हो पाई।
पीड़ित के अनुसार बाद में खातेदारी मिलने के बावजूद आरोपी ने उसके नाम रजिस्ट्री नहीं कराई और 2 नवंबर 2022 को वही जमीन मकबूल खान को बेच दी। मामले में अभयसिंह, इब्राहीम खान और हनीफ खान पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप है।
परिवादी का कहना है कि उसने पहले ही अपनी खरीद की जानकारी आरोपियों को दे दी थी, इसके बावजूद जानबूझकर दोबारा विक्रय किया गया। अक्टूबर 2024 में आरोपियों ने जमीन खाली करने का दबाव भी बनाया।
- Advertisement -
पहले पुलिस और एसपी को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने कोर्ट का सहारा लिया। अब न्यायालय के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई वेदपाल को सौंपी है।
