बीकानेर स्थापना दिवस (आखा बीज) के पावन अवसर पर इस वर्ष शहर में सदियों पुरानी सामाजिक समरसता और भाईचारे की परंपरा एक बार फिर जीवंत होने जा रही है। इस खास मौके पर राजपूत और जाट समाज एक ही जाजम पर बैठकर अपनी साझा विरासत का सम्मान करेंगे।
इस आयोजन का नेतृत्व बीकानेर राजवी परिवार के युवा प्रतिनिधि और भाजपा नेता अभिमन्यु सिंह राजवी करेंगे। उनका उद्देश्य इस ऐतिहासिक परंपरा को पुनर्जीवित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
इतिहास के अनुसार बीकानेर के संस्थापक राव बीका ने राज्य स्थापना के समय जाट समाज, विशेष रूप से गोदारा वंश के साथ मजबूत संबंध बनाए थे। पांडु गोदारा के साथ हुई संधि ने सामाजिक और राजनीतिक एकता की मजबूत नींव रखी। इसी परंपरा के तहत जाट समाज के वंशजों को महाराजाओं के राजतिलक का अधिकार भी दिया गया था।
कार्यक्रम के दौरान जाट समाज की सातों बिरादरी के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा और पारंपरिक रूप से मीठा खीचड़ा परोसा जाएगा, जो आपसी प्रेम और विश्वास का प्रतीक है।
- Advertisement -
यह आयोजन 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे जय भवन, रानी बाजार में आयोजित होगा, जिसमें संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों की भागीदारी रहेगी।
आयोजकों के अनुसार यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बीकानेर की सांस्कृतिक आत्मा से जुड़ी परंपरा है, जो समाज में एकता और सम्मान का संदेश देती है।
