शहर में हुए बुजुर्ग चौकीदार की निर्मम हत्या का मामला अब भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में कैमल फार्म रोड के पास मदन विहार कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान में हुई इस वारदात का खुलासा 16 दिन बाद भी नहीं हो सका है।
2 अप्रैल की रात हुई इस सनसनीखेज घटना में 70 वर्षीय भंवरलाल रेगर की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वह उसी निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का काम कर रहे थे।
पुलिस ने मामले की जांच में कई संदिग्धों से पूछताछ की है और घटनास्थल से अहम सबूत भी जुटाए हैं। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
सबसे बड़ी बात यह है कि पुलिस अभी तक हत्या के पीछे की वजह का भी पता नहीं लगा पाई है। इस कारण यह मामला ‘ब्लाइंड मर्डर’ बन गया है, जिसने पुलिस की जांच को और जटिल बना दिया है।
- Advertisement -
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच अब भी यही सवाल गूंज रहा है कि आखिर कौन है वह अज्ञात हत्यारा, जिसने सोते हुए चौकीदार की बेरहमी से हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, लेकिन हत्यारों तक पहुंचना अब भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
