बीकानेर में बेमौसम बारिश के बाद अब गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ने से लोगों को तेज धूप से बचने के लिए छांव का सहारा लेना पड़ रहा है। मंगलवार, 14 अप्रैल को बीकानेर में भी गर्मी का तीखा रूप देखने को मिला।
लगातार बढ़ते तापमान के कारण अब लोग कूलर और अन्य साधनों का उपयोग करने लगे हैं। बाड़मेर, जैसलमेर के साथ कोटा में भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि चूरू और चित्तौड़गढ़ में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय हल्की गर्म हवाएं चलने लगी हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, इस सप्ताह गर्मी और बढ़ने की संभावना है। विभाग ने 17 अप्रैल से हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। 17 अप्रैल को श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बाड़मेर में हीटवेव का असर रहेगा, जबकि 18 अप्रैल को श्रीगंगानगर और बाड़मेर में भी इसी तरह की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी गई है।

