बीकानेर जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में चोरी की दो वारदातें सामने आई हैं, जहां अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर ट्रक की रिम चुरा ली। पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवादी धनश्याम कुमावत निवासी खारी चारणान ने बताया कि उसकी चानी फांटा स्थित गजानंद मार्केट में टायर पंचर की दुकान है, जिसे रिछपाल संचालित करता है। 27 मार्च की रात दुकान बंद कर वह घर चला गया था। अगले दिन सुबह पहुंचने पर दुकान का ताला टूटा मिला और अंदर से तीन ट्रक रिम गायब थे।
इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर एक सफेद गाड़ी में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए, जिनमें प्रदीप जाट सहित दो अन्य व्यक्ति शामिल बताए गए हैं।
परिवादी ने आगे बताया कि 1 अप्रैल को टेचरी फांटा स्थित ओम मोटर्स वर्क्स के पास उसकी दूसरी दुकान पर भी इसी तरह चोरी की वारदात हुई, जहां से छह ट्रक रिम चोरी हो गए। इस घटना में भी वही संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी में नजर आए।
- Advertisement -
पीड़ित ने पुलिस को साक्ष्य के रूप में सीसीटीवी फुटेज सौंपे हैं और आरोप लगाया है कि दोनों घटनाओं में प्रदीप जाट और उसके साथी शामिल हो सकते हैं। गजनेर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच मुख्य आरक्षी सोना राम को सौंपी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
