बीकानेर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर के बाहर से स्कॉर्पियो चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जेएनवीसी थाना पुलिस द्वारा की गई।
मामले में वल्लभ गार्डन निवासी सुमित्रा राजपुरोहित ने 27 मार्च को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 26-27 मार्च की रात करीब 3 बजे अज्ञात व्यक्ति उनके घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी आधार पर एक आरोपी बीजाराम को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में वाहन चोरी की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि मुख्य आरोपी अशोक ने वाहन चोरी किया था।
पुलिस के अनुसार चोरी की गई स्कॉर्पियो को बाद में ओसियां के पास दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में छोड़ दिया गया था। गिरफ्तार आरोपी बीजाराम के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
- Advertisement -
फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

