बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले में टोल वसूली को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। पदमपुर स्टेट हाईवे 18 बीबी टोल प्लाजा पर हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद सोमवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
कोर्ट के निर्देश के बाद 13 अप्रैल को टोल प्लाजा फिर से शुरू किया गया। इसकी सूचना मिलते ही श्रीकरणपुर से कांग्रेस विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और टोल वसूली का विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान पुलिस और विधायक समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में छोड़ दिया। हालात को काबू में रखने के लिए एडीएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस तैनात की गई।
रात करीब साढ़े 9 बजे पुलिस ने विधायक कुन्नर और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान विधायक ने टोल कर्मचारियों को हटाने की कोशिश की और वहां बैठे लोगों को भी हटाया गया।
- Advertisement -
मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग ने पदमपुर थाने में 8-9 अज्ञात लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया है। प्रशासन लगातार स्थिति को नियंत्रित करने और समझाइश करने में जुटा हुआ है।

