बीकानेर पुलिस द्वारा इनामी अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में 1 अप्रैल से 13 अप्रैल के बीच कुल सात इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर 2500 से लेकर 25 हजार रुपये तक के इनाम घोषित थे।
पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल को नयाशहर थाना पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी सुनील कुमार को पकड़ा। वहीं, 11 अप्रैल को सदर थाना पुलिस ने 5 हजार के इनामी सतार अली को गिरफ्तार किया। जेएनवीसी थाना पुलिस ने 8 अप्रैल को 10 हजार के इनामी विजयपाल को दबोचा, जबकि 13 अप्रैल को इसी नाम के एक अन्य 2500 रुपये के इनामी आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, 13 अप्रैल को बीछवाल पुलिस ने डेढ़ साल से फरार 10 हजार के इनामी जाहिद अली को गिरफ्तार किया। इसी दिन 15 हजार के इनामी रविन्द्र खींचड़ को भी पकड़ा गया। लूणकरणसर पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी महेन्द्र बुड़ानिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

