राजस्थान सरकार ने बालिका सैनिक स्कूलों के लिए वार्षिक फीस लगभग 1.5 लाख रुपए तय कर दी है। शिक्षा विभाग ने 9 अप्रैल 2026 को आदेश जारी कर फीस संरचना लागू करते हुए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
फीस संरचना के अनुसार ट्यूशन फीस 50 हजार रुपए, हॉस्टल फीस 50 हजार रुपए और डाइट फीस 40 हजार रुपए निर्धारित की गई है। इसके अलावा क्लोथिंग, कॉशन मनी और अन्य शुल्क मिलाकर कुल वार्षिक खर्च 1,50,000 रुपए रखा गया है।
हालांकि आय के आधार पर राहत का प्रावधान भी दिया गया है। 7 लाख रुपए तक वार्षिक आय वाले परिवारों की छात्राओं के लिए सभी प्रकार की फीस पूरी तरह माफ होगी। 7 से 9 लाख आय वर्ग को ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत और 9 से 11 लाख आय वर्ग को 25 प्रतिशत छूट दी जाएगी।
इन स्कूलों में प्रवेश के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा 8 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें हजारों छात्राओं ने भाग लिया। मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया जारी है और दस्तावेज सत्यापन के बाद अंतिम प्रवेश दिए जाएंगे।
- Advertisement -
सैनिक स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ फिजिकल ट्रेनिंग, खेलकूद और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे छात्राओं को भविष्य में रक्षा सेवाओं के लिए तैयार किया जा सके।

