हाईवे पर 108 एंबुलेंस के साथ बड़ा हादसा हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इसमें किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में संगम चौराहे के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, डीबी अस्पताल चूरू से 70 वर्षीय हृदय रोगी रामदेवाराम को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया था। उन्हें 108 एंबुलेंस से बीकानेर ले जाया जा रहा था।
एंबुलेंस में पायलट विनोद कुमार, ईएमटी बीरमाराम और मरीज के परिजन सवार थे। जैसे ही वाहन संगम चौराहे के पास पहुंचा, अचानक एक टायर फट गया, जिससे चालक का नियंत्रण हट गया और एंबुलेंस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।
घटना के बाद तुरंत दूसरी एंबुलेंस बुलाई गई और मरीज को सुरक्षित बीकानेर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

