सनातन धर्म रक्षा समिति के तत्वावधान में बीकानेर में होने वाले ऐतिहासिक धार्मिक आयोजनों की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। 22 से 28 फरवरी तक साध्वी ऋतुंभरा के बीकानेर प्रवास से पहले शुक्रवार को उनके शिष्य सत्यशील महाराज ने शहर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सत्यशील महाराज ने पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड का निरीक्षण किया, जहां साध्वी ऋतुंभरा के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। इसके साथ ही उन्होंने साध्वी के ठहरने के लिए प्रस्तावित स्थलों का भी अवलोकन किया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी का निवास, भाजपा नेता दिलीप पुरी का निवास तथा एक होटल को संभावित आवास स्थल के रूप में देखा गया।
निरीक्षण के दौरान सत्यशील महाराज ने सनातन धर्म रक्षा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठकर पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समिति के संस्थापक सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि 22 से 28 फरवरी तक पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में श्रीमद्भागवत कथा के साथ-साथ 51 कुंडीय विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वहीं 27 फरवरी को बीकानेर में एक भव्य धर्म संसद का आयोजन होगा, जिसमें देशभर से संत-महात्मा शामिल होंगे। इस धर्म संसद में सनातन धर्म के उत्थान, गोरक्षा और सामाजिक विषयों पर मंथन किया जाएगा।
- Advertisement -
इसके अलावा सत्यशील महाराज ने 28 फरवरी को नोखा तहसील के सिलवा मूलवास स्थित नरसी विला में होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन के स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ब्रह्मलीन दुलारामजी के फलसे का अवलोकन किया और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर भंवर कुलरिया एवं प्रेम कुलरिया से चर्चा की। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय आयोजकों द्वारा सत्यशील महाराज का सम्मान भी किया गया।

