बीकानेर के पूगल क्षेत्र में 70 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामदगी मामले में पुलिस अब स्कूटी मालिक की तलाश में जुटी है। इस तस्करी के तार पंजाब से जुड़े बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पाली जिले के सोजत क्षेत्र निवासी खेतराम मेघवाल 21 अप्रैल को खाजूवाला से 14 किलो हेरोइन स्कूटी पर लेकर जा रहा था। रास्ते में पूगल-खाजूवाला रोड पर टॉवर फांटे के पास उसकी स्कूटी नीलगाय से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से उसके बैग और स्कूटी की डिग्गी से तीन बड़े पैकेट बरामद किए, जिनमें भारी मात्रा में हेरोइन मिली।
जांच में सामने आया है कि स्कूटी का मालिक सोजत निवासी राकेश प्रजापत है, जो करीब एक साल से फरार चल रहा है। उस पर चोरी का मामला दर्ज है और पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है। साथ ही, उसके खिलाफ पंजाब में डकैती का केस भी दर्ज है और वह वहां जेल भी जा चुका है।
- Advertisement -
पुलिस के अनुसार, राकेश प्रजापत के जरिए ही खेतराम को खाजूवाला से हेरोइन लाने के लिए तैयार किया गया था। इस पूरे नेटवर्क के पीछे पंजाब के हैंडलर्स का हाथ बताया जा रहा है।
वहीं, अस्पताल में भर्ती खेतराम को होश आने के बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि वह अभी पूरी तरह से बयान देने की स्थिति में नहीं है। खाजूवाला क्षेत्र में किसी व्यक्ति से हेरोइन लेने की बात सामने आ रही है, जिससे पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।
