बीकानेर के एक युवक के फोन से भोपाल के एक व्यवसायी को 10 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में मध्य प्रदेश पुलिस जांच में जुटी हुई है और कई आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, हत्या के एक मामले में जमानत पर चल रहे दुर्गेश सोनी के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर व्यवसायी को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी दी गई। घटना के बाद पुलिस ने बीकानेर के तीन युवकों को नामजद किया, जिनमें से दो को भोपाल पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों में फिरौती की रकम से जुड़े लेन-देन भी हुए हैं, जिसकी पुष्टि की जा चुकी है। दुर्गेश सोनी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है।
इस मामले में फड़बाजार निवासी जयप्रकाश डारा और बी. सेठिया गली निवासी दिनेश सुथार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, साजिश के मास्टरमाइंड के रूप में बांदा जिला निवासी आनंद मिश्रा और रेकी करने वाले निर्मल तिवारी को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, आनंद मिश्रा का संपर्क हैरी बॉक्सर नामक व्यक्ति से था, जिससे पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
