बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना देर रात करीब 11 बजे ऊपनी की रोही में हुई, जब युवक खेत में कृषि कार्य कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, ऊपनी निवासी रामप्रताप पुत्र मालाराम गोदारा अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही आपणो गांव सेवा समिति के सेवादार मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। मृतक के भाई ने पुलिस को सूचना दे दी है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
