बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र में शादी में जा रहे बारातियों की गाड़ी को एक पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। यह हादसा 21 अप्रैल की रात रीको से आगे हिन्यादेसर फांटे के पास हुआ, जिसमें चार लोग घायल हो गए।
घायलों में पोकर राम सुथार, पूजा (पत्नी बाबूलाल), शिवांश (पुत्र बाबूलाल) और गोमती (पत्नी पोकर राम) शामिल हैं। सभी को हादसे के बाद पीबीएम अस्पताल बीकानेर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले में अलाय गांव निवासी ओमप्रकाश सुथार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह मूल रूप से नागौर जिले के निवासी हैं और वर्तमान में गुजरात में कार्यरत हैं। वे अपने साथियों के साथ गांव से बीकानेर एक शादी समारोह में जा रहे थे, तभी एक पिकअप चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पीछे आ रही दूसरी गाड़ी में मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। नोखा पुलिस ने शिकायत के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
