


श्रीगंगानगर। संभाग के रायसिंहनगर इलाके के सब्जी मंडी बाजार में नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। हालांकि अब तक उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है लेकिन पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस उससे नोट लाने के बारे में जानकारियां जुटा रही है। पुलिस को कस्बे के सब्जी बाजार में दो युवकों के नकली नोट चलाने की जानकारी मिली थी। मौके पर कुछ लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने थाने लाकर इस युवक से जानकारियां जुटानी शुरू की हैं।
पांच-पांच सौ के छह नोट मिले
इस युवक के पास एक ही सीरीज के पांच-पांच सौ रुपए के छह नोट मिले हैं। युवक सब्जी बाजार में एक सब्जी के ठेले पर नकली नोट चलाने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। युवक जहां यह नोट चला रहा था, उस दुकानदार और आसपास के लोगों को युवक का दिया नोट नकली होने की जानकारी मिली तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और उसके नकली नोट लेकर आने के बारे में जानकारियां जुटानी शुरू कर दीं। रायसिंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। इससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने पास छह नकली नोट होने की बात स्वीकार की। ये नकली नोट उसके पास कहां से आया, इसके बारे में जानकारियां जुटानी शुरू कर दीं। युवक ये नकली नोट कहां से लेकर आया है तथा उसने जिले में इससे पहले ये नोट कहां-कहां चलाए हैं इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
