राजस्थान की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हेम सिंह भड़ाना का सोमवार, 2 फरवरी को आकस्मिक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हेम सिंह भड़ाना के निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आमजन में गहरा दुख देखा जा रहा है। कई नेताओं ने उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित और जमीन से जुड़े नेता के रूप में याद किया।
उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ था। संघर्ष के बल पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और दो बार विधायक चुने गए। वर्ष 2013 में वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में उन्हें कैबिनेट मंत्री का दायित्व सौंपा गया, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों में जिम्मेदारी निभाई।
पिछले पांच से छह महीनों से हेम सिंह भड़ाना अस्वस्थ चल रहे थे, इसके बावजूद उनका जनसंपर्क लगातार बना रहा। वे बीमारी के दौर में भी लोगों से मिलते रहे और क्षेत्र की समस्याओं को सुनते रहे। यही कारण है कि उनका निधन न केवल भाजपा बल्कि आम जनता के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
- Advertisement -
परिवारजनों के अनुसार अंतिम संस्कार की जानकारी शीघ्र सार्वजनिक की जाएगी।

