गैस आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन हुआ सतर्क
बीकानेर में मध्य-पूर्व में चल रहे युद्ध के मद्देनजर घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गैस वितरण और परिवहन व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि संभावित प्रभावों को देखते हुए जिले में गैस वितरण प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए जिला कलक्टर, जिला रसद अधिकारी और तेल कंपनियों के अधिकारियों के बीच रोजाना समन्वय किया जा रहा है, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
उन्होंने बताया कि घरेलू गैस से संबंधित शिकायतों के लिए आमजन 112, 181 और 1445 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की भ्रामक या पैनिक फैलाने वाली खबरों का तुरंत खंडन किया जाएगा।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए डिस्ट्रिक्ट विजिलेंस यूनिट का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता जिला रसद अधिकारी करेंगे। यह टीम 24 घंटे अवैध भंडारण, अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी पर नजर रखेगी। साथ ही संभावित अवैध रिफिलिंग स्थलों का नियमित निरीक्षण भी किया जाएगा।
- Advertisement -
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर गैस वितरण केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात किया जा सकता है। इसके अलावा सभी एलपीजी वितरण केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को अभय कमांड सेंटर से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा सके।
साथ ही गैस सिलेंडरों से भरे वाहनों की सुरक्षा और उनकी आवाजाही पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। जिला रसद अधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस को लेकर घबराहट में अनावश्यक भंडारण न करें।

