बीकानेर में देर रात एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना नोखा थाना क्षेत्र के भाटो के बास स्थित पानी की टंकी के पास की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण घर में आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटों के बीच एक महिला और दो लड़कियां घर के अंदर फंस गईं। आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

