बीकानेर। बीकानेर जिले के एक गांव में आठवीं बोर्ड परीक्षा देने जा रही 13 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन दिन की जांच के बाद एक युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने छात्रा का गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस को दुष्कर्म की आशंका भी है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मामले की जानकारी देते हुए कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि लगातार तीन दिन की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पुलिस को सफलता मिली।
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक 21 फरवरी को सुबह करीब 12:15 बजे घटनास्थल की ओर जाता और दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच लौटता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय बालिका अपने घर से ढाणी के रास्ते आठवीं बोर्ड परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे जबरन रोक लिया। विरोध करने पर उसने बालिका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
- Advertisement -
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। पूर्व पार्षद मनोज बिश्नोई ने हत्यारों की गिरफ्तारी पर दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि आरोपी को पकड़वाने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है और मेडिकल व फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

