बीकानेर। बीकानेर में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। रात करीब 10 बजे गजनेर पुलिया के पास सुभाषपुरा मार्ग पर एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर खुले और गहरे नाले में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में अंधेरा होने और सड़क किनारे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से चालक को नाले का अंदाजा नहीं लग पाया। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार सीधे नाले में समा गई। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह धंस गया, जिससे जोरदार आवाज हुई।
आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए कार के दरवाजे खोले और घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले नालों को ढंका जाए और सड़क किनारे पर्याप्त रोशनी व सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

