बीकानेर। प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घी निर्माण इकाई पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि क्रीम को गर्म कर घी के रूप में बेचा जा रहा था। मौके से सैकड़ों किलो संदिग्ध माल जब्त किया गया।
रीको औद्योगिक क्षेत्र में कार्रवाई
अतिरिक्त आयुक्त भगवतसिंह और सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में खाद्य अधिकारियों की टीम ने नोखा के रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स श्री मारुति फूड प्रोडक्ट नामक फैक्ट्री पर निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान उत्पादन प्रक्रिया की जांच की गई।
फर्म संचालक मुकेश पारीक ने पूछताछ में बताया कि गुजरात से क्रीम मंगवाई जाती थी, जिसे गर्म कर घी तैयार किया जाता था। तैयार उत्पाद को ‘टुडे चॉइस’ नाम से बाजार में 410 से 420 रुपए प्रति लीटर के भाव से बेचा जा रहा था।
सैंपल लिए, माल किया जब्त
निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में कच्चा माल और तैयार उत्पाद मिला, जिसे संदिग्ध मानते हुए टीम ने जब्त कर लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
- Advertisement -
अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मिलावट पर सख्ती
खाद्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका हो तो तुरंत विभाग को सूचना दें। उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

