बीकानेर। जिले में शुक्रवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जब बोलेरो चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर 33 केवी विद्युत पोल से जा टकराया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जैतपुर के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक अरजनसर से पल्लू की ओर जा रहा था। जैतपुर से आगे रत्नादेसर के पास अचानक चालक को झपकी आ गई। इसी दौरान वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे लगे 33 केवी बिजली के पोल से जा भिड़ा।
20 मीटर तक घसीटा पोल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पोल को लगभग 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में विद्युत पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बोलेरो सड़क किनारे खेत में पलट गई।
चालक गंभीर घायल
हादसे में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया।
- Advertisement -
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई नींद की झपकी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

