बीकानेर। बीकानेर से जबलपुर जा रहा सेना का एक ट्रक नागौर जिले में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चार जवान घायल हो गए, जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हाईवे पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे नेशनल हाईवे-58 पर डांगावास-मेड़ता बॉर्डर के पास हुई। सेना का ट्रक बीकानेर से जबलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट गया। ट्रक में चार जवान सवार थे।
पुलिस और एम्बुलेंस पहुंची मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। 108 एम्बुलेंस के चालक हरेंद्र तेतरवाल भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल जवानों को वाहन से बाहर निकाला। सभी घायलों को मेड़ता के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
दो जवानों को किया गया अजमेर रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल दो जवानों को बेहतर इलाज के लिए अजमेर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान रूट सिंह और पुष्पेंद्र सिंह के रूप में हुई है। अन्य दो जवानों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
- Advertisement -
कारणों की जांच जारी
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। तकनीकी खामी या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

