बीकानेर। बीकानेर के नाल एयरपोर्ट से यात्रियों के आवागमन में हाल ही में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों के बीच यात्री संख्या में जबरदस्त उछाल आया है।
एयरपोर्ट से जुड़े राजेन्द्र सिंह ने बताया कि अप्रैल 2024 से नवंबर 2024 तक कुल 6,470 यात्रियों ने बीकानेर एयरपोर्ट का उपयोग किया था, जबकि अप्रैल 2025 से नवंबर 2025 तक यह संख्या बढ़कर 32,265 यात्रियों तक पहुँच गई। उनके अनुसार, दो वर्षों के बीच यात्रियों की संख्या में 398 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं
राजेन्द्र सिंह ने बताया कि इस वृद्धि का मुख्य कारण राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार है। एयरपोर्ट पर उपलब्ध उन्नत सेवाओं और सुविधाओं ने यात्रियों का भरोसा बढ़ाया है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) लगातार एयरपोर्ट की सशक्त अवसंरचना और उन्नत यात्री सेवाओं के माध्यम से राजस्थान में विमानन क्षेत्र को नई ऊचाईयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा है।
- Advertisement -
भविष्य की योजना
विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में यात्रियों की सुविधा और बढ़ाने के लिए नई उड़ानों और अतिरिक्त सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे न केवल स्थानीय यात्री बल्कि राज्य के अन्य हिस्सों और पर्यटन गतिविधियों में भी वृद्धि की संभावना है।

