


राजस्थान लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। बेनीवाल फिलहाल आम आदमी पार्टी (AAP) की तरफ से दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए दिल्ली गए हैं। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की।
कांग्रेस पर आरोप:
हनुमान बेनीवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के कुछ नेता पेपर लीक मामले में फंसे थे, और भाजपा ने उन्हें गिरफ्तार करने की धमकी दी। कांग्रेस ने भाजपा की बात मानकर 7 में से 5 सीटें उन्हें जितवा दीं। कांग्रेस 4000-4000 वोट लेकर सरेंडर हो गई।”
इंडिया गठबंधन पर टिप्पणी:
बेनीवाल ने इंडिया गठबंधन के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के सलाहकार उनसे सही बात नहीं पहुंचाते। मुझे लगता है कि सलाहकारों ने कांग्रेस को हाईजैक कर लिया है। इंडिया गठबंधन का भविष्य बर्बाद हो गया है। हम मजबूरी में गठबंधन में शामिल हुए थे, क्योंकि पीएम मोदी को हराना था, लेकिन इसका हमें कोई लाभ नहीं मिला। राहुल गांधी को गठबंधन के नेतृत्व से हटाया जाना चाहिए।”

कांग्रेस की रणनीति पर सवाल:
बेनीवाल ने आगे कहा, “कांग्रेस भाजपा के साथ मिली हुई है। इसलिए सपा, टीएमसी समेत इंडिया गठबंधन के कई दलों ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया है। अगर कांग्रेस के यही हालात रहे, तो गठबंधन में नेतृत्व को बदलने की मांग उठेगी। कांग्रेस ने दिल्ली में भाजपा से सुपारी ली है कि आम आदमी पार्टी को कैसे हराना है। कांग्रेस एक भी सीट दिल्ली में नहीं जीत रही है, क्योंकि वह क्षेत्रीय दलों को खत्म करना चाहती है। राजस्थान का उदाहरण सबके सामने है।”