


चुरू जिले के सिद्धमुख थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पत्नी और उसके प्रेमी की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक के छोटे भाई सोनू द्वारा दी गई रिपोर्ट में बताया गया कि उसके बड़े भाई राजवीर की शादी हरियाणा के ईसरवाला निवासी प्रियंका के साथ हुई थी। प्रियंका के गांव के युवक ईश्वर के साथ अवैध संबंध थे, और काफी बार समझाने के बाद भी दोनों अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे।
राजवीर पर तलाक देने का दबाव बनाते हुए, प्रियंका ने पहले भी ईश्वर के साथ भागने का प्रयास किया था, जिसका मामला सिद्धमुख थाने में दर्ज है। 28 अक्टूबर को ससुराल से लौटते समय, सादुलपुर बस स्टैंड पर प्रियंका अपने प्रेमी ईश्वर से मिली, और उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया। जब राजवीर ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद, राजवीर ने डरे-सहमे हालत में गांव आकर परिजनों को जानकारी दी और कहा कि प्रियंका और ईश्वर की धमकियों के कारण वह असुरक्षित महसूस कर रहा है।

देर रात तक राजवीर घर नहीं लौटा, जिसके बाद उसकी खोज शुरू की गई। सुबह खेत में उसकी लाश खेजड़ी के पेड़ से लटकी हुई मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।