


पूगल थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, राववाला निवासी पप्पुराम पुत्र आसुराम ने अपनी बेटी शारदा के पति श्योपतराम समेत सोना देवी, हंसराज, मुकेश, और छैलू देवी नायक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है।
पप्पुराम ने आरोप लगाया कि शारदा का विवाह श्योपतराम के साथ वर्ष 2022 में हुआ था, जिसके बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहा था। गुरुवार रात को आरोपियों ने शारदा की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों को सौंप दिया और एक आरोपी को हिरासत में लिया है। मामले की गहन जांच जारी है।
