


अजमेर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हरियाणा चुनावों में पार्टी की बड़ी जीत का उत्सव गांधी भवन चौराहे पर मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को जलेबी खिलाकर जीत की बधाई दी। भाजपा की इस जीत से शहर में खुशी का माहौल बन गया।
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि हरियाणा में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि जम्मू-कश्मीर में भी पार्टी को 29 सीटें मिली हैं। सोनी ने कहा, “हरियाणा में भाजपा की यह तीसरी सरकार है, और इस बार हमें सभी जातियों और वर्गों का समर्थन मिला है। भाजपा की सफलता वहां के कार्यकर्ताओं की मेहनत और सेवा का परिणाम है।” उन्होंने जम्मू-कश्मीर में पार्टी के बढ़ते वोट प्रतिशत को भी भाजपा की उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में उपमहापौर नीरज जैन, पूर्व महापौर धर्मेंद्र गहलोत, धर्मेश जैन, प्रवीण जैन, सोमरत्न आर्य, राजेश शर्मा, योगेश शर्मा, दीपक भाकर, जय किशन परवानी और तुलसी सोनी सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।