कबीरधाम जिले के पंडरिया ब्लॉक तहत कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम बाहपनी में आज दोपहर करीब 12 बजे पिकअप वाहन 30 फीट गहरी खाई में गिर गया। जिसमें से 15 लोगों की मौत की हो गई। वहीं आठ लोग घायल हैं। पिकअप में करीब 25 से अधिक लोग सवार थे। कुकदूर थाने से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप में बैठे लोग ग्राम सेमहारा (कुई) के रहने वाले हैं, जो कि तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे।
जिस सड़क में यह हादसा हुआ है वह प्रधानमंत्री सड़क में आती है। ये कुई से होते हुए नेऊर और रुकमीदादर को जोड़ती है। इसके बाद मध्य प्रदेश शुरू हो जाता है। घटना स्थल सुदुर वनांचल व पहाड़ी क्षेत्र में आता है। यहां पर मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं करता है।
एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि थाना कुकदूर क्षेत्र के तहत ग्राम बाहपानी के पास पिकअप वाहन खाई में गिरा है। पिकअप में लगभग 25 लोग सवार थे जो तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। सभी वापस आ रहे थे तभी ये हादसा हुआ है। घटना की सूचना पाकर पुलिस घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक घटना स्थल में मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करता, जंगल और पहाड़ी एरिया है। घटना स्थल से कुकदूर तहसील मुख्यालय करीब 35 किमी दूर है।
हादसे में 14 महिलाओं और एक पुरुष की मौत की एसपी अभिषेक पल्लव ने पुष्टि की है। ये लोग आज तीसरे दिन तेंदूपत्ता की तोड़ई करने गए थे। गांव का ही पिकअप वाहन था।

