


बीकानेर। जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के मामले पर बुधवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए तो कांग्रेस विधायकों ने वेल में आकर जमकर हंगामा किया। इस बीच मंत्री चौधरी ने कह दिया कि जिन चोरों ने घोटाला किया, उन्हें नहीं छोड़ेंगे। जो भी इसमें दोषी होगा उस हम जेल में डालेंगे। पाप किया है तो भुगतना भी पड़ेगा। ठेकेदारों से पाई पाई की वसूली करेंगे। इसमें अभी तक ईडी की ही एंट्री हुई, जरूरत पड़ी तो सीबीआई भी जांच करेगी। इस दौरान प्रश्नों के जवाब चलते रहे और हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल समाप्त हो गया।
भाजपा विधायक जसवंत यादव ने जल जीवन मिशन के भ्रष्टाचार की जांच कराने के संबंध में सवाल पूछा। इस पर मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने जवाब दिया कि जल जीवन मिशन में पिछली सरकार में जितना भ्रष्टाचार हुआ है, उतना आजादी के बाद कभी नहीं हुआ। लूटा तो लूटा, उलटे हम इस मिशन में देश में 35वें स्थान पर आ गए। मामला उजागर होने लगा तो अफसरों को एपीओ करने का खेल चला। अब चोरों की पैरवी कर रहे हो।
मंत्री के आरोपों पर जब कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह डोटासरा बोलने लगे तो विधानसभाध्यक्ष ने उन्हें रोक दिया। इस पर कांग्रेस विधायक नाराज हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। ‘पर्ची सरकार जवाब दो’ का नारा लगाते हुए कांग्रेस विधायक वेल में आ गए। प्रश्नकाल खत्म होते ही कांग्रेस विधायक अपनी सीट पर जाकर बैठ गए।

ईडी डाल चुकी रेड
- Advertisement -
जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार को लेकर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की रेड हो चुकी है। पूर्व मंत्री से लेकर आईएएस के घर-कार्यालय में जांच की गई। मिशन के तहत हुए काम में गंभीर गड़बड़ियां हुई। काम पूरा नहीं हुआ, लेकिन का भुगतान तक कर दिया गया। सामान निर्धारित मान गुणवत्ता का मिला।