बीकानेर। जिले के सादुलशहर में आढ़त व्यापारी से 17 लाख 60 हजार 840 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने व्यापारी को एक ऑनलाइन लिंक के जरिए खुद के ग्रुप से जोड़ा। ऑनलाइन काम के नाम पर उसे रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवाने को कहता और उस राशि से कुछ ज्यादा कुछ घंटे बाद ही लौटा भी देता। इससे पीड़ित उसके झांसे में आ गया।
उसने लालच में आकर आरोपी के खाते में 17 लाख 60 हजार 840 रुपए ट्रांसफर कर दिए। इतनी बड़ी राशि लेने के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया ग्रुप ही डिलीट कर दिया। इस संबंध में शनिवार को साइबर थाने में मामला दर्ज हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
व्यापारी पुनीत कुमार पुत्र मनोज कुमार सादुलशहर की व्यापार मंडल रोड का रहने वाला है। उसकी धानमंडी में आढ़त की दुकान है। बीस दिसंबर को उसे सोशल मीडिया के जरिए किसी अज्ञात ने लिंक भेजा। इसके जरिए उसने उसे एक सोशल मीडिया ग्रुप से जोड़ लिया। आरोपी ने पुनीत को कहा कि वह उसे ऑनलाइन काम देगा। इसकी एवज में उसे उसके खाते में कुछ रुपए जमा करवाने होंगे। उसने रुपए जमा करवा दिए। कुछ देर बाद ही आरोपी ने जमा करवाए रुपए से कुछ ज्यादा रुपए उसके खाते में वापस डाल दिए। इस तरह से आरोपी पुनीत से लेनदेन करने लगा।
वह हर बार उसके जमा करवाए रुपए से ज्यादा उसे लौटा देता। यह लेनदेन बाईस दिसंबर तक चला। जब पुनीत पूरी तरह उसके झांसे में आ गया तो आरोपी ने उसे बड़ी राशि ट्रांसफर करने को कहा। इस पर पुनीत ने 17 लाख 60 हजार 840 रुपए आरोपी के खाते में जमा करवा दिए। इसके बाद आरोपी ने पुनीत को रुपए बढ़ाकर नहीं लौटाए और जिस सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए वह रुपए देने के लिए निर्देश देता था, उसे भी डिलीट कर दिया। इस पर पुनीत को उसके साथ हुए धोखे का अनुमान हुआ और वह श्रीगंगानगर के साइबर थाने पहुंच गया। उसने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 17 लाख 60 हजार 840 रुपए की ठगी का मामला दर्ज करवाया है। साइबर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

