


बीकानेर। शराब के नशे में आपसी कहासुनी के दौरान एक वृद्ध को दो रिश्तेदारों ने इतना पीटा कि मौत हो गई। हत्या के बाद शव खेत में ही छोडक़र दोनों युवक भाग गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को इन्हें अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड लिया जा सकता है। श्रीडूंगरगढ़ के धीरदेसर चोटियान में इस बुजुर्ग का शव शनिवार शाम को मिला और देर रात तक पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि शुक्रवार रात रावतराम, बीरबलराम और गोमंदराम साथ में थे। इनकी किसी बात को लेकर बोलचाल हो गई। रावतराम और बीरबलराम ने मिलकर गोमंदराम पर हमला कर दिया। दोनों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की। इतना पीटा कि उसका दम टूट गया। तब खेत में छोडक़र भाग गए। खेत में इन दिनों कुछ नहीं है, ऐसे में कोई वहां आता-जाता नहीं है। शुक्रवार की इस घटना का शनिवार तक किसी को पता नहीं चला। शनिवार शाम को जब परिजन उसे ढूंढते हुए खेत पहुंचे तो शव पड़ा मिला। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। बाद में पता चला कि रावतराम और बीरबल राम उसके साथ थे। दोनों को राउंडअप करके पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। उधर, गोमन्दराम के बेटे भजनलाल ने इन्हीं दो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस पता लगा रही है कि इन दोनों किस कारण से गोमन्दराम के साथ मारपीट की।
