बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र में दो साल से अधिक समय पहले हुए चर्चित शाहरुख हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को डीएसटी टीम ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड में आरोपियों ने शाहरुख को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था। मामले में कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन दो मुख्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सीओ सदर अनुष्का ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार ठिकाने बदलते रहे और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व दिल्ली सहित कई राज्यों में छिपकर रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया था। जाहिद खान पर 10 हजार रुपये और रविंदर खीचड़ पर 15 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। आखिरकार लगातार प्रयासों और तकनीकी इनपुट के आधार पर दोनों को दबोच लिया गया।
- Advertisement -
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती राठौड़ के नेतृत्व में टीम ने काम किया। आईपीएस अनुष्ठा कालिया, थानाधिकारी गौरव सारस्वत, डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह और एएसआई दीपक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस केस में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

