बीकानेर जिले के पांचू क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले से एक तीन वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई जब बच्चा अपने ननिहाल में ट्यूबवेल के पास खेल रहा था।
जानकारी के अनुसार, भामटसर निवासी रामलाल डूडी का पुत्र राजवीर डूडी अपने ननिहाल पांचू आया हुआ था। शाम के समय उसके परिजन खेत में काम कर रहे थे, जबकि राजवीर पास में खेल रहा था। तभी अचानक कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया और चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव कर दिए।
बच्चे की चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे कुत्तों से बचाया। गंभीर रूप से घायल राजवीर को पहले पांचू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे बीकानेर के पीबीएम ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

