सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की कृपा से बीकानेर के जयपुर रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में बीकानेर जोन का महिला समागम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुड़गांव से आई बहन निर्मल मनचंदा ने की।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जब मन गुरु की कृपा से प्रभु से जुड़ जाता है तो जीवन में भक्ति का आनंद प्राप्त होता है। उन्होंने राजस्थान को मीरा बाई जैसी महान भक्त परंपरा की भूमि बताते हुए कहा कि यहां से भक्ति की अविरल धारा समाज का मार्गदर्शन करती रही है। साथ ही उन्होंने महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएं आध्यात्मिकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी बेहतर निर्वहन कर रही हैं।
बीकानेर जोन की जोनल इंचार्ज डॉ. संध्या सक्सेना ने कहा कि जैसे मोबाइल की बैटरी को नियमित रूप से चार्ज करना जरूरी है, वैसे ही मन को भी ईश्वर के ध्यान और गुरु वाणी के चिंतन से ऊर्जा मिलती है, जिससे जीवन में आनंद बना रहता है।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालुओं ने भजन, गीत, कविता और नाटिका जैसी प्रस्तुतियां दीं। बीकानेर सहित जैसलमेर, नागौर, नोखा, खाजूवाला, श्रीडूंगरगढ़ और अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
- Advertisement -
कार्यक्रम का संचालन ममता गख्खड़ ने किया, जबकि सेवादल के सदस्यों और महिला विंग ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

