बीकानेर के लूणकरणसर हाईवे स्थित हरियासर टोल प्लाजा पर सोमवार सुबह हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। टोल प्लाजा की लेन नंबर-01 पर टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे दो वाहनों में सवार होकर आए कुछ युवकों ने टोल प्लाजा पर पहुंचते ही कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी और सरियों से टोल कर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने टोल प्लाजा पर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों का एक अन्य ट्रक भी मौके पर पहुंचा, जिसमें सवार लोगों ने भी मारपीट में हिस्सा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा मैनेजर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
- Advertisement -
लूणकरणसर थानाधिकारी कश्यम सिंह ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अलादिता, सलीम, अलार खां, सलीम पुत्र सादक अली और आसिफ शामिल हैं, जो सभी हनुमानगढ़ जिले के निवासी हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों के ट्रक ओवरलोड थे और टोल शुल्क को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात पर गुस्साए ड्राइवरों ने हिंसक रूप ले लिया और टोल कर्मियों पर हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

