राजस्थान के बीकानेर शहर में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पिछले करीब एक महीने से लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को कोर्ट परिसर को दोबारा निशाना बनाते हुए धमकी भरा संदेश सामने आया, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया।
एहतियात के तौर पर तुरंत कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। जानकारी के अनुसार, पिछले एक महीने में करीब आधा दर्जन बार शहर में इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें कोर्ट परिसर और मुख्य डाकघर प्रमुख रूप से शामिल हैं।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल से गर्मियों के चलते कोर्ट का समय बदला गया था, लेकिन नए समय के पहले ही दिन इस धमकी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

