बीकानेर नगर के 539वें स्थापना दिवस के अवसर पर शहर में ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष एंटीक वस्तुओं की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। यह आयोजन 15 से 17 अप्रैल तक महारानी सुदर्शना कुमारी कला दीर्घा में होगा, जिसका उद्घाटन 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे किया जाएगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
जिला प्रशासन, नगर निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण और राव बीकाजी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बीकानेर स्टेट काल की दुर्लभ वस्तुओं का संग्रह प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी संयोजक अजीज भुट्टा के अनुसार, यह संग्रहकर्ता किशन लाल सोनी द्वारा संकलित ऐतिहासिक वस्तुओं पर आधारित है, जो शहर के गौरवशाली अतीत की झलक पेश करेगा।
प्रदर्शनी में प्राचीन सिक्के, मेडल, द्वितीय विश्व युद्ध काल के गत्ते के सिक्के, गोल्डन जुबली काल की ताश और बोतल, कोर्ट बटन, साइकिल लाइसेंस, पुराने समाचार पत्र, स्टांप पेपर, डाक टिकट, बही-खाते और राजकीय दस्तावेज जैसे कई ऐतिहासिक संग्रह शामिल होंगे।
इसके अलावा महाराजा गंगा सिंह से जुड़े हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज, दुर्लभ पुस्तकें, पुरानी फोटोग्राफी, बैंक रिकॉर्ड, थिएटर टिकट, विवाह एल्बम और अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण होंगे।
- Advertisement -
प्रदर्शनी में 1700 से लेकर आजादी तक के बीकानेर स्टेट से जुड़े दस्तावेज, शिकार विवरण पुस्तिकाएं, रेलवे टिकट और ऐतिहासिक समाचार पत्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे। पिछले वर्ष स्थापना दिवस पर दुर्लभ रेडियो और कैमरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसे शहरवासियों ने काफी सराहा था।

