राजस्थान में सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की तैयारी की गई है। एटीएस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं, जिससे अब केवल पोस्ट करने वाले ही नहीं बल्कि उन्हें बढ़ावा देने वाले लोग भी जांच के दायरे में आएंगे।
एटीएस ने जारी किए सख्त निर्देश
एडीजी एटीएस दिनेश एमएन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि गैंगस्टर और अपराधी तत्व सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपनी छवि बनाने और आमजन में डर व प्रभाव पैदा करने के लिए कर रहे हैं।
इन पोस्ट में महंगी गाड़ियां, हथियार, संपत्ति और आलीशान जीवनशैली दिखाकर युवाओं को आकर्षित किया जाता है, जिससे वे अपराध की ओर प्रेरित हो सकते हैं।
लाइक, कमेंट और शेयर भी बन सकते हैं अपराध
निर्देशों के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति गैंगस्टरों से जुड़ी पोस्ट को लाइक, कमेंट या शेयर करता है, तो इसे भी अपराध को बढ़ावा देने की श्रेणी में माना जा सकता है।
- Advertisement -
ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें गिरफ्तारी तक संभव है।
पुलिस अधिकारियों को दिए गए निर्देश
इस मामले में राज्य के सभी रेंज आईजी और जिलों के एसपी को सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय रूप से नजर रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।
युवाओं को लेकर बढ़ी चिंता
प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कंटेंट से युवा वर्ग तेजी से प्रभावित हो रहा है और अपराध को ग्लैमर की तरह देखने लगा है। इसी प्रवृत्ति को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

