नागौर शहर में ट्रैफिक पुलिस की चालानी कार्रवाई को लेकर एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां जीरो कार्बन उत्सर्जन करने वाली इलेक्ट्रिक कार पर ही प्रदूषण नियमों के उल्लंघन का चालान कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार कृषि मंडी तिराहे पर काली फिल्म लगी एक ईवी कार को रोककर जांच की गई। इस दौरान चालक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस भी हुई। इसके बाद पुलिस ने काली फिल्म और दृश्य मानकों के उल्लंघन के तहत 200 रुपये का चालान किया, साथ ही प्रदूषण नियम उल्लंघन के नाम पर 1500 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया और लोग पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे। चालक का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहन होने के कारण इसमें प्रदूषण प्रमाणपत्र की आवश्यकता ही नहीं होती, फिर भी चालान कर दिया गया।
वहीं ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि कार की खिड़कियों पर लगी काली जालियों को लेकर विवाद हुआ था और इसी दौरान पॉल्यूशन का चालान गलती से हो गया, जिसे बाद में जांच के बाद निरस्त किया जाएगा।

