बीकानेर संभाग से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां श्रीगंगानगर जिले के घमूड़वाली थाना क्षेत्र के जीवनदेसर के पास नहर में एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों के शव आपस में बंधे हुए पाए गए, जिससे घटना ने सनसनी फैला दी।
प्रारंभिक जांच में इस मामले के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की पहचान विक्रम और निकिता के रूप में हुई है, जो दोनों ही शादीशुदा बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों 29 मार्च से अपने-अपने घरों से लापता थे।
बुधवार शाम को ग्रामीणों ने नहर में शव बहते हुए देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची घमूड़वाली थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को मौके से एक मोबाइल फोन भी मिला, जो पानी में भीगा हुआ था। हालांकि, उसकी सिम कार्ड के जरिए मृतकों की पहचान करने में सफलता मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

