भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब ड्यूटी पर जा रही इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (ईआरटी) की बस में अचानक गोली चल गई। इस घटना में एक हैड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे बस में सवार लगभग 25 जवानों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ईआरटी टीम आरएसी पुलिस लाइन से कुम्हेर गेट प्वाइंट की ओर ड्यूटी पर जा रही थी। बस में हैड कांस्टेबल विष्णु भी सवार थे। बताया जा रहा है कि उनकी कमर में लगी पिस्टल को निकालने के दौरान अचानक हथियार कॉक हो गया और गोली चल गई, जो उनके पेट को भेदते हुए पार निकल गई।
घटना के बाद बस में मौजूद जवानों में दहशत फैल गई और तुरंत घायल को आरबीएम अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं घायल जवान के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।

