बीकानेर के सर्किट हाउस के पास स्थित व्यस्त मार्ग पर चर्च के सामने एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो कारें और एक बाइक आपस में टकरा गईं। हालांकि हादसा काफी भीषण था, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, एक अल्टो कार चला रही महिला चालक मोबाइल पर बात करते हुए अचानक गलत दिशा में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे से आ रही एक बाइक भी दोनों वाहनों से टकरा गई।
इस हादसे में बाइक सवार को हल्की चोटें आईं, वहीं महिला चालक को भी मामूली चोटें बताई जा रही हैं। तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और स्थिति को संभाला।

